Monday, October 19th, 2026

जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या 24 पहुंची, संभागीय उपायुक्त आबकारी पर भी गाज, सब इंस्पेक्टर निलंबित

ग्वालियर
मुरैना जिले के छेरा-मानपुर गांव में जहरीली शराब पीने से मरने वाले  लोगों की संख्या 24 पहुंच गई है। आधा दर्जन से अधिक लोगों का जेएएच के आईसीयू में उपचार चल रहा है। जिनमें से कुछ की आंखों की रौशनी कम हो गई है। जहरीली शराब की इस दर्दनाक घटना के लिए जिम्मेदारों पर कार्रवाई जारी है। मुरैना के एसपी-कलेक्टर को हटाने के बाद आज ग्वालियर में पदस्थ संभागीय उड़नदस्ता  के उपायुक्त आबकारी शैलेष सिंह को भी हटा दिया है। इसकी जानकारी वित्त एवं वाणिज्यिक कर मंत्री जगदीश देवड़ा ने आज सुबह ट्विट कर दी है। इसके अलावा मुरैना के जिन गांवों में जहरीली शराब की बिक्री हो रही थी,उस सर्किल का प्रभार देख रहे आबकारी सब इस्पेक्टर दिनेश निगम को निलंबित कर दिया गया है।

बता दें कि जहरीली शराब कांड को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बेहद नाराज हैं। जिन अधिकारियों की लापरवाही की बजह से अवैध शराब का गोरखधंधा चल रहा था। एक के बाद एक उन अफसरों को शंट किया जा रहा है। इस मामले की जांच के लिए मुख्यमंत्री ने बुधवार को उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित की। कमेटी में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा,एडीजी ए.सार्इं मनोहर और डीआईजी मिथलेश शुक्ला शामिल हैं। यह कमेटी मुरैना में पहुंच गई है। आज सुबह से कमेटी के मेंबर गांवों में जाकर पूरे मामले की बारीकी से जांच में जुट गए हैं। हर पहलू की जांच कर कमेटी मुख्यमंत्री को रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

 

#जहरीली शराब#उपायुक्त आबकारी#निलंबित

Source : Agency

पाठको की राय